भाजपा के ‘हर घर-हर बूथ’ अभियान का समापन
भाजपा के ‘हर घर-हर बूथ’ अभियान का समापन

बीकानेर। भाजपा का तीन दिवसीय ‘हर घर-हर बूथ’ अभियान रविवार को समाप्त हुआ। अंतिम दिन बीकानेर पश्चिम और पूर्व विधानसभा के विभिन्न मतदान केन्द्र क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क करते हुए बड़ी संख्या में नए सदस्य बनाए गए।

सदस्यता अभियान के संयोजक अविनाश जोशी ने बताया कि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंद किशोर सोलंकी और शहर अध्यक्ष विजय आचार्य के नेतृत्व में स्टेशन रोड पर लालजी होटल से जैलवैल तक घर-घर पहुंचकर आमजन को भाजपा की रीति-नीति से अवगत करवाया गया तथा पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मुमताज अली भाटी, पूर्व महामंत्री गौरीशंकर अग्रवाल, पार्षद ताहिर हुसैन, कृष्णा कंवर, ओमराजपुरोहित, सुमन जैन, अशोक शर्मा, उषा शर्मा तथा आरती आचार्य के नेतृत्व में विभिन्न कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क किया। इसी प्रकार पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ गोपाल कृष्ण जोशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की साले की होली और आसपास के क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क किया। वार्ड 7 में पूर्व जिला उपाध्यक्ष कन्हैयालाल जोशी, बालकिशन व्यास, नवनीत पुरोहित आदि के नेतृत्व में पार्टी के नए सदस्य बनाए गए।
जोशी ने बताया कि भाजपा का इस वर्ष दस करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य है तथा इसके लिए राष्ट्र स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी के रूप में रिकॉर्ड स्थापित करने की ओर अग्रसर है। इस अभियान के तहत प्रदेश भर में एक करोड़ नए सदस्य बनाए जाएंगे। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में तीन दिनों तक ‘हर घर-हर बूथ’ अभियान आयोजित करते हुए आमजन को भाजपा के उद्देश्यों और नीतियों से अवगत करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र में भी नए सदस्य बनाने के लिए अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
प्रदेश भर में बनाए नए सदस्य
भाजपा सदस्यता अभियान के संयोजक अविनाश जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी के निर्देशन में प्रदेश भर में चलाए गए ‘हर घर-हर बूथ’ अभियान के तहत भाजपा प्रदेश नेतृत्व के विभिन्न पदाधिकारियों, सांसदों, मंत्रियों एवं विधायकों ने अपने-अपने बूथ क्षेत्र में संपर्क करते हुए नए सदस्य बनाए। उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने की प्रक्रिया को बेहद आसान और डिजिटल बनाया है। इसके तहत मोबाइल के मिसकॉल के माध्यम से नए सदस्य बनाए जा रहे हैं।
भाजपा कार्यालय में होगा ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को प्रातः 8 बजे भाजपा कार्यालय में ध्वजारोहण किया जाएगा।