रोहतक (हर्षित सैनी)। सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा है कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने साजिश के तहत योजनाबद्घ तरीके से परिसीमन में नगर के वार्ड नम्बर दो के क्षेत्र को कलानौर विधानसभा क्षेत्र के साथ जुड़वाने का काम किया था।
वे आज इन्दिरा कॉलोनी चौक में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोंधित कर रहे थे। उन्होंने पार्टी में शामिल होने पर अनिल सैनी का स्वागत किया और कहा कि उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। उनका कहना था कि कांग्रेस पार्टी ने चुनाव जीतने के लिए ही परिसीमन की आड़ में वार्ड नम्बर दो के एरिया को कलानौर में शामिल करवा दिया।


उन्होंने कहा कि अगर यह क्षेत्र रोहतक विधानसभा क्षेत्र में होता तो आज इसकी सूरत कुछ और होती। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि कांग्रेस के सांसद व विधायक ने यहां के लोगों को मूलभूत सुविधा क्यों नहीं उपलब्ध करवाई। ग्रोवर ने कहा कि उन्होंने इस क्षेत्र के विकास की चाबी पार्टी में शामिल हुए अनिल सैनी को सौंप दी है और अब इस क्षेत्र में पानी, सीवर व सड़कों आदि की कोई समस्या नहीं रहने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों में आज कांग्रेस पार्टी के छोटे बड़े नेता जमानत पर बाहर हैै। दूसरी ओर भाजपा के किसी भी नेता पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है। पार्टी के नेता सच्चे मन से जनसेवा के कार्य में जुटे हुए है। उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्होंने सत्ता में रहते हुए किसानों की जमीन को सस्ते दामों पर खरीद कर उसे रियलस्टेट व सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वडेरा की कम्पनी को बेच दिया था।


ग्रोवर ने हुड्डा को देश का एक बड़ा पूंजीपति बताया और कहा कि आज कांग्रेस किसानों के कर्ज माफ करने की बात करती है जबकि हुड्डा ने सत्ता में रहते हुए जो पैसा कमाया है, उसे वापिस गरीबों को लोटा देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी व उसके नेता एक बार की हार को सहन नहीं कर पाए और आरक्षण की आड में आगजनी व लूटपाट की घटनाएं करवाई गई। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर लोकतंत्र का गला घोटने का भी आरोप लगाया।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक गरीब परिवार से संबंध रखते हैं और इसलिए उन्होंने गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की है लेकिन पूंजीपतियों को यह बर्दाश्त नहीं हो रहा है। इसलिए सभी अमीर वर्ग के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक जूट हो रहे है।


उन्होंने कहा कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार भाजपा की राज्य सरकार ने बिजली के बिलों को आधा कर दिया है। राज्य सरकार की नीतियों व विकास कार्यों के चलते ही पांच निगमों में भाजपा के मेयर पद के प्रत्याशी विजयी घोषित हुए है। भाजपा की सरकार सबका साथ सबका विकास हरियाणा एक व हरियाणवीं एक के एजेंडे पर काम कर रही है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्य समिति की सदस्य राजरानी शर्मा, श्रम कल्याण बोर्ड के सदस्य मदन, नीलम पांचाल, पार्षद तिलकराज चौहान, बाबा कर्णपुरी, पार्षद मुक्ता नागपाल, दीपू नागपाल, धर्म सिंह दहिया, बलजीत सैनी, जिले सिंह, काकू शर्मा, महेंद्र सिंह, जयप्रकाश, वेद पंड़ित, जगदीश सैनी, मनोज कौशिक, राधेश्याम सैनी, कविता इन्दौरा, अशोक जांगड़ा, अमित खटक व मीणा अटकाण आदि मौजूद थे।(PB)